Home » Uncategorized » भाजपा की बगावत पर बिसात बिछा रही कांग्रेस, मंडी के गढ़ को बचाए रखना अभी बड़ी चुनौती

भाजपा की बगावत पर बिसात बिछा रही कांग्रेस, मंडी के गढ़ को बचाए रखना अभी बड़ी चुनौती

शिमला: हिमाचल प्रदेश में फूंक-फूंककर टिकट तय करने के पहाड़ को फांद रही कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभी चुनावी डगर पर ज्यादा रफ्तार नहीं पकड़ पाया है, मगर इसके रणनीतिकार भाजपा में बगावत का लाभ उठाने की बिसात बिछा रहे हैं। छह सिटिंग विधायकों के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने और टिकट लेकर चुनावी रण में उतरने से चुनावी समीकरण बदल गए हैं। कांग्रेस के लिए लोकसभा चुनाव में मंडी के गढ़ को बचाए रखना बड़ी चुनौती है तो अन्य सीटों पर भी इसे खाता खोलना है। कांग्रेस भाजपा के तख्तापलट अभियान को ध्वस्त करने के लिए उपचुनाव में भी पूरा दमखम दिखाना चाह रही है। प्रदेश में कांग्रेस ने अभी तक एक भी टिकट घोषित नहीं किया है, जबकि भाजपा ने चारों लोकसभा सीटों और छह विधानसभा हलकों में प्रत्याशी घोषित कर प्रचार शुरू कर दिया है। इधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिलने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने होली के रंगों से गिले-शिकवे दूर होने का संदेश दिया है। चंडीगढ़ में हुई समन्वय समिति की बैठक में प्रतिभा सिंह को मंडी से चुनाव लड़ने को राजी कर किया गया है। यहां से भाजपा ने अभिनेत्री कंगना रणौत को चुनाव में उतारा है, जिसे जिताने के लिए पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व भी जोर मारेगा। अभी तक हमीरपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के चयन के लिए खूब माथापच्ची कर रही है। शिमला और कांगड़ा में भी सारे समीकरण देखे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू खुद फील्ड में उतरकर प्रचार की मोर्चेबंदी संभालने से पहले तिरुपति गए हैं। आपदा और आर्थिक मदद की अनदेखी ही कांग्रेस के ब्रह्मास्त्र बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *