शिमला: हिमाचल प्रदेश जहां अपनी संस्कृति के लिए जाना जाता है. वहीं, प्रदेश का खानपान भी काफी चर्चित है. मंडयाली और कांगड़ा धाम के अलावा, शिमला के सिड्डू और किन्नौर और लाहौल स्पीति में स्थानीय व्यंजन काफी चाव के साथ खाए जाते हैं. ऐसे में हिमाचल प्रदेश के व्यंजनों के प्रचार प्रसार के लिए प्रदेश टूरिज्म हिम आंचल शेफ एसोसिएशन ने शिमला के होटल पीटरहॉफ में एक प्रतियोगिता का आयोजन करवाया. इस कार्यक्रम के दौरान 451 किस्म के सिड्डू बनाए गए. यह अपने आप में एक तरह का रिकॉर्ड है. क्योंकि इससे पहले, कभी भी सिस्डू की इतनी तरह की वैरायटी कहीं प्रदर्शित नहीं की गई है. ना ही किसी ने बनाई हैं. राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में मंगलवार और बुधवार को प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है. छह शेफ ने ये सिड्डू तैयार कर प्रदर्शित किए हैं. सुबह चार बजे से छह शेफ ने सिड्डू बनाने की प्रक्रिया शुरू की थी और दोपहर एक बजे इन्हें प्रदर्शित किया गया. इस दौरान उन्होंने हर किस्म के तीन सिड्डू बनाए गए. यहां कुल 1300 सिड्डू बनाने के बाद प्रदर्शनी में रखे गए हैं. अब इन्हें लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करवाने के लिए भेजा जाएगा.शिमला पुलिस के एएसपी रतन नेगी, एडीएम ज्योति राणा और पर्यटन विभाग निदेशक राजीव कुमार ने सिड्डूओं का स्वाद चखा। हिम आंचल शेफ एसोसिएशन के अध्यक्ष नंद लाल ने बताया कि हिमाचल व्यंजन को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल में पहली बार 451 किस्म के सिड्डू तैयार कर रिकॉर्ड बनाया गया है. एक महीने से इस रिकॉर्ड की तैयारी चली थी. एसोसिएशन के छह शेफ ने सिड्डू तैयार किए हैं. अब इसे लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करवाने के लिए भेजा जाएगा।
300 शेफ ले रहे हिस्सा
उन्होंने बताया कि 10 से 12 कक्षा के बच्चों ने भी इस चैंपियनशिप में भाग लिया. इससे पहले, साल 2019 में यह आयोजन हुआ था. लेकिन फिर कोरोना की वजह से इस इसे टालना पड़ा. नंद लाल बताते हैं कि इसमें लोकल व्यंजनों को भी रखा गया है. प्रतियोगिता में 250 से 300 शेफ भाग ले रहें है. मुंबई, दिल्ली सहित पड़ोसी राज्यों से भी शेफ भाग लेने पहुंचे है.
कैसे बनाए जाते हैं सिड्डू
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में सिड्डू काफी खाए जाते हैं. हालांकि, अब पड़ोसी राज्यों में भी लोगों तक ये पहुंच रहे हैं. सिड्डू को उड़द की दाल और आटे से बनाया जाता है. साथ ही इनके अंदर स्टफिंग की जाती है. फिर इसे भाप के ऊपर पकाया जाता है. जिस तरह मोमोज को तैयार किया जाता है, उसी तरह सिड्ढू बनते हैं. पूरी तरह पकने के बाद सिड्डू को देसी घी और चटनी के साथ खाया जाता है.





