शिमला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा से आजाद विधायक होशियार सिंह को सीएम सुक्खू ने बड़ा आफर दिया है. बता दें कि होशियार सिंह, दो अन्य निर्दलीय विधायकों और छह कांग्रेसी बागियों के साथ दिल्ली में डटे हुए हैं. इन सभी नौ लोगों ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था. सूत्रों से मिली पुख्ता खबर के अनुसार, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक होशियार सिंह को बड़ा ऑफर दिया है. सूत्रों का कहना है कि सीएम ने होशियार तक मैसेज पहुंचाया है कि वह कांग्रेस के साथ देंगे तो उन्हें कैबिनेट रैंक दिया जाएगा. साथ ही देहरा को जिला भी बनाया जाएगा. हालांकि, इधर, चर्चा है कि देहरा के निर्दलीय विधायक होशियार सिंह की बीजेपी ज्वाइन कर सकते हैं. बता दें कि सीएम सुक्खू ने होशियार सिंह को 1998 वाला ऑफर दिया है. उस दौरान तत्कालीन सीएम रहे वीरभद्र सिंह ने आजाद विधायक रमेश धवाला को कुछ ऐसा ही ऑफर दिया था. तब भी वीरभद्र सिंह को एक विधायक की जरूरत थी. हालांकि, ध्वाला ने भाजपा को समर्थन दिया था और वीरभद्र सिंह को महज 13 दिन तक सीएम के पद पर रहने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था. बाद में भाजपा ने यहां पर पंडित सुखराम की पार्टी हिमाचल विकास कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी. ध्वाला ने वीरभद्र का ऑफर ठुकरा दिया था और वह बाद में धूमल सरकार में कैबिनेट मंत्री बने थे।
दूसरी बार के आजाद विधायक हैं होशियार सिंह
बीते 2017 के विधानसभा चुनाव में भी होशियार सिंह आजाद लड़े थे और यहां से जीत हासिल की थी. अब 2022 के चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत हासिल की थी. उधर, निर्दलीय विधायक होशियार सिंह के शीघ्र ही बीजेपी जॉइन करने की ख़बरों के बीच बीजेपी और होशियार सिंह समर्थक अपने-अपने लेवल पर देहरा में बैठकें कर रहे हैं।





