Home » Uncategorized » अगर कांग्रेस 40 का आंकड़ा भी छू ले, तो यह बहुत बड़ी बात होगी : राजीव बिंदल

अगर कांग्रेस 40 का आंकड़ा भी छू ले, तो यह बहुत बड़ी बात होगी : राजीव बिंदल

सोलन: देश में जल्द ही लोकसभा चुनाव होने वाले हैं. इस में सियासी दलों ने लोकसभा चुनाव की जोरशोर से तैयारीयां  भी शुरू कर दी है. ऐसे में प्रदेश के दो प्रमुख सियासी दल कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है. हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा है. बिंदल ने कहा कि देश में कांग्रेस के लिए 40 लोकसभा सीट पर भी जीत हासिल करना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस 40 का आंकड़ा भी छू ले, तो यह बहुत बड़ी बात होगी. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता हिमाचल आकर बड़ी-बड़ी बातें तो करते हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की कार्यशैली के बारे में बात नहीं कर रहे हैं. हिमाचल प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष राजीव बिंदल केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास है. पूरे देश की जनता मोदी की गारंटी पर विश्वास करती है. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद हर वर्ग परेशानी में है. 

कांग्रेस ने एक भी शख्स को नहीं दिया स्थाई रोजगार’
राजीव बिंदल ने कहा कि सत्ता में आने से पहले ही कैबिनेट में एक लाख रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन कांग्रेस को एक भी ऐसा शख्स दिखाना चाहिए जिसे कांग्रेस की सरकार ने 14 महीने के कार्यकाल में स्थाई रोजगार देने का काम किया हो. प्रदेश कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि 14 महीने में इस सरकार ने सिर्फ और सिर्फ संस्थान बंद करने का काम किया. उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की सरकार से हर वर्ग बुरी तरह परेशान हो चुका है. राजीव बिंदल ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें अब पूरा नहीं किया जा रहा है. जनता सच्चाई को जानती है.

ठोक-बजाकर जनता में रखेंगे अपना रिपोर्ट कार्ड’

लोकसभा चुनाव को लेकर राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जोर-शोर से अपने 10 साल के काम को जनता के बीच लेकर जाएगी. हिमाचल प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के सभी सांसद ठोक-बजाकर जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड रखेंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बेहतरीन काम किया है. इसी काम को लेकर वे जनता के बीच में जाएंगे. आज देश की जनता देख रही है कि पूरे भारत में किस तेजी के साथ विकास हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]