सोलन: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी व नालागढ़ में डेंगू बीमारी की चपेट में आ गया है। जिला सोलन में इस समय डेंगू से पीड़ित लोगों का आंकड़ा करीब 300 पहुंचने वाला है। शुक्रवार को डेंगू बीमारी के 24 नए मरीज अस्पतालों में पहुंचे हैं। यह मरीज बुखार व खांसी की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे और जब उनकी जांच की गई तो वह डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। शुक्रवार को बद्दी क्षेत्र में डेंगू के 11 मरीज और नालागढ़ में 13 मरीज नए सामने आए हैं। इससे अब जिला में कुल डेंगू मरीजों की संख्या 289 हो गई है। जिला में डेंगू का सर्वाधिक प्रकोप बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में है। यहां स्वाराजमाजरा क्षेत्र डेंगू का हॉट स्पॉट बना हुआ है, जबकि बसंती बाग, हाउसिंग बोर्ड, संडोली, एनआरआई चौक, न्यू टाउन के आसपास भी कई मरीज डेंगू बीमारी के सामने आए हैं।
जिला में लगभग 170 के करीब मामले अकेले बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में हैं और 80 के करीब मामले नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में हैं। लोगों को आसपास साफ सफाई व शरीर को ढकने की सलाह दी जा रही है, ताकि डेंगू के प्रकोप से बचा जा सके।





