Home » ताजा खबरें » बिजली महादेव ने गुर के माध्यम से रोपवे बनाने पर जताई आपत्ति

बिजली महादेव ने गुर के माध्यम से रोपवे बनाने पर जताई आपत्ति

कुल्लू :  कुल्लू के अधिष्ठाता देवता बिजली महादेव के हारियानों की रोपवे के संबंध में एक विशेष बैठक भ्रैण गांव में बिजली महादेव मंदिर परिसर में देवता के कारदार विनेंद्र सिंह जम्वाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें खराहल तथा कशावरी फाटी के हारियानों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में रोपवे के संबंध में सभी उपस्थित हारियानों की विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें देवता द्वारा पूर्व में देव वाणी के माध्यम से रोपवे नहीं लगाने के संबंध में देवता के आदेश पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के उपरांत यह तय हुआ कि सभी उपस्थित हारियानों के सामने देवता को देवरथ की उपस्थिति में पूछा जाए और शुक्रवार को भी गूर के माध्यम से अपनी देव वाणी द्वारा बिजली महादेव ने रोपवे नहीं लगाने का कड़े शब्दों में अपना आदेश कायम रखा। जिसे सभी उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से माना गया और यह तय हुआ कि देवता की बात को प्रदेश तथा केंद्र सरकार के ध्यान में लाया जाएगा। विनेंद्र सिंह जम्वाल ने बताया कि पूर्व में भी देवता रोप-वे के संबंध में अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं और आज भी सभी हारियानों के सामने पुन: रोपवे लगाने के लिए मना किया है। सभी हारियान देवता के आदेश मानने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार के समक्ष भी अपना पक्ष शांतिपूर्ण रूप से रखेंगे और हमें पूर्ण आशा है कि केंद्र व प्रदेश सरकार इस विषय पर पुनर्विचार करेंगी।
बता दें कि बिजली महादेव प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार ने 250 क्रॉ रुपए की स्वीकृति दी है। हाल ही में कुल्लू मनाली के दौरे पर आए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी जानकारी एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी है। अब देखना होगा कि देवता की आपत्ति के बाद सरकार इसका क्या समाधान निकालती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]