Home » ताजा खबरें » जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों से भीषण मुठभेड़, सेना के 3 जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों से भीषण मुठभेड़, सेना के 3 जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन जारी

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ (Kulgam Encounter) में सेना (Army) के 3 जवान शहीद हो गए. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर में कुलगाम जिले के हलान जंगल क्षेत्र के ऊंचे इलाकों में आतंकवादियों (Militants) की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया. उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद तलाशी अभियान मुठभेड़ में बदल गया, जिन्होंने जवाबी कार्रवाई की. अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में सुरक्षा बल के तीन जवान घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर (Chinar Corps) ने एक ट्वीट में कहा कि ‘ऑपरेशन हलान कुलगाम. कुलगाम में हलान के ऊंचे इलाकों में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने 4 अगस्त को ऑपरेशन शुरू किया. आतंकवादियों के साथ गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए और बाद में शहीद हो गए. तलाशी अभियान जारी है.’ सेना के अधिकारी ने कहा कि मुठभेड़ वाले इलाके में और ज्यादा फोर्स को भेजा गया है और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है.

इससे पहले कश्मीर में आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) की शाखा ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) से जुड़े आतंकवादियों के तीन सहयोगियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बारामूला के इमरान अहमद नजर, श्रीनगर के वसीम अहमद मट्टा और बिजबेहरा के वकील अहमद भट के रूप में की गई. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इन तीनों को पुलिस टीम ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के बाद एक जांच चौकी से पकड़ा गया था. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों के पास से तीन हथगोले, पिस्तौल के 10 राउंड, एके-47 राइफल के 25 राउंड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]