इंफाल : कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज से दो दिवसीय मणिपुर के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे राहत शिविरों में जातीय हिंसा के कारण विस्थापित हुए लोगों से मुलाकात करेंगे और नागरिक समाज के संगठनों से बातचीत करेंगे. यहां पार्टी के एक सूत्र ने यह जानकारी दी. यह मणिपुर में तीन मई को शुरू हुई हिंसा के बाद से कांग्रेस नेता का पूर्वोत्तर के इस राज्य का पहला दौरा है. इससे पहले कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को कहा, ‘इंफाल पहुंचने के बाद राहुल गांधी चूड़ाचांदपुर जाएंगे जहां वह राहत शिविरों का दौरा करेंगे. इसके बाद वह विष्णुपुर जिले में मोइरांग जाएंगे और विस्थापित लोगों से बातचीत करेंगे.’ वेणुगोपाल के मुताबिक, मणिपुर पिछले 2 महीने से हिंसा की आग में झुलस रहा है और इस वक्त वहां मरहम लगाने की जरूरत है, ताकि शांति की तरफ बढ़ा जा सके। मणिपुर में मेइती और कुकी समुदाय के बीच मई की शुरुआत में भड़की जातीय हिंसा में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
मणिपुर में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में तीन मई को पर्वतीय जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद झड़पें शुरू हुई थीं।
राजनाथ से मिलीं राज्यपाल
उधर मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके ने मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इससे दो दिन पहले राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की थी। करीब दो महीने पहले मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से लगभग 120 लोगों की मौत हो गई और 3,000 से अधिक लोग घायल हो गए। एन बीरेन सिंह ने रविवार को शाह से मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने गृह मंत्री को मणिपुर में जमीनी स्तर पर बदलती स्थिति के बारे में जानकारी दी।
हिंसा पीड़ितों को 1,000 रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने मंगलवार को कहा कि राज्य में जातीय दंगों के कारण राहत शिविरों में रह रहे लोगों को उनकी सरकार 1,000 रुपये की एकमुश्त मदद देगी। सीएम ने इंफाल ईस्ट जिले के खुमान लैंपक खेल परिसर में बनाए गए एक राहत शिविर में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सहायता इसलिए दी जाएगी, ताकि शिविरों में रह रहे लोग कपड़े और जरूरत के अन्य सामान खरीद सकें। इस राहत शिविर में 106 महिलाएं और बच्चे रह रहे हैं।





