Home » ताजा खबरें » “भारतीय महिला आइस हॉकी” टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले हिमाचल के दो खिलाड़ी सम्मानित

“भारतीय महिला आइस हॉकी” टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले हिमाचल के दो खिलाड़ी सम्मानित

काजा : आइस हॉकी महिला एशिया और ओसिनिया चैपिंयनशिप वर्ग में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली हिमाचल के दो खिलाड़ियों को काजा के अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने सम्मानित किया। थाईलैंड में आयोजित आइस हॉकी महिला एशिया और ओसिनिया चैपिंयनशिप में जिला लाहौल-स्पीति के उपमंडल स्पीति की रहने वाली तन्जिन सलडोन और किन्नौर जिला के शलखर गांव की रहने रिगजिन डोल्मा भारतीय आइसहॉकी की टीम से खेली है। 30 अप्रैल से लेकर 7 मई 2023 तक ये चैंपियनशिप चली। इस चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने चौथा स्थान हासिल किया है। अतरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने दोनों खिलाड़ियों को स्पीति के पारंपरिक आशी पहना कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्पीति क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि पहली बार यहां के खिलाड़ी आइस हॉकी में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे है।

हिमाचल प्रदेश में आइस हॉकी को लेकर बच्चों में काफी उत्साह है। ऐसे में इस तरह इन दोनों खिलाड़ियों की सफलता बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि भविष्य में ओर खिलाड़ी स्पीति से निकल कर भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगे और मेडल जीत कर लाएंगे। स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार स्पीति में विंटर खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए आधारभूत ढांचा विकसित कर रही है। स्पीति उपमंडल के तोद वेली के लोसर व पिन वेली के सगनम में भी आइस हॉकी का रिंक तैयार किया जा रहा है। इस मौके पर आइस हॉकी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष छेरिंग शाक्या, महासचिव कुंगा तंडुप, संगठन सचिव स्कालजंग दोरजे, कोषाध्यक्ष डॉ. विकास रोपा, स्टोर इंचार्ज सोनम टाकपा और कार्यकारी सदस्य डॉ. तन्जिन नोरबू मौजूद रहे।

वहीं, आइस हॉकी नेशनल खिलाड़ी तन्जिन सलडोन ने कहा कि “मैंने कभी सोचा नहीं था कि कभी भारतीय टीम का हिस्सा बनूंगी। मैं स्पीति आइस हॉकी एसोसियेशन, स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त करती हूं जोकि पिछले तीन सालों से यहां पर आइस हॉकी का प्रशिक्षण बच्चों को दे रहे हैं।”

आइस हॉकी नेशनल खिलाड़ी रिगजिन डोल्मा ने कहा कि हमारे प्रदेश कोच अमित बेलवाल ने हमारा मार्गदर्शन किया है। उन्होंने आइसहॉकी की ए,बी,सी पूरे स्पीति के बच्चों को सिखाई है। आज हम जो भी है उनकी मेहनत और परिजनों के आशीर्वाद से है। हम अगले साल अवश्य मेडल जीत कर लाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *